जब जब धरती पर धर्म का पतन हुआ, अन्याय और अत्याचार बढ़ा, अनीति और अधर्म फलने-फूलने लगा, तब तब भक्तो का उद्धार करने, दुष्टों का विनाश करने और धर्म की पुनःस्थापना हेतु भगवान की शक्ति ने अवतार धारण किया । इन्हीं अवतारों में शिरडी के साईं बाबा का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। साईं बाबा का जन्म कब और कहाँ हुआ और उनके माता-पिता कौन थे यह सब रहस्य बना हुआ है। इस सम्बन्ध में साईं भक्तों ने बाबा के जीवन काल में उनसे जानने का भरसक प्रयास किया था और उनके बाद भी बहुत छानबीन की गई, किन्तु कोई संतोषप्रद जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी । लोग इतना जानते हैं कि वे सोलह वर्ष की तरुण अवस्था में भक्तो के कल्याण हेतु शिरडी में प्रकट हुए थे। शिरडी, महाराष्ट्र के अहमदनगर जनपद के कोपरगाँव तालुका में स्थित एक गाँव है। ऐसी मान्यता है कि सन 1854 ई० में ग्रामवासियों ने वहाँ उनको एक नीम के पेड़ के नीचे बैठे देखा था। उनका शरीर बिलकुल स्वस्थ और बनावट बेहद सुन्दर थी। सोलह वर्ष की कम आयु में भी वे पूर्ण ब्रह्मज्ञानी प्रतीत होते थे। उस बालक को सांसारिक पदार्थों की तनिक भी इच्छा नहीं थी। शिरडी ग्राम की एक वृद्ध महिला ने उनका वर्णन इस प्रकार किया है-" एक तरुण, स्वस्थ, फुर्तीला, बेहद सुन्दर बालक सर्व प्रथम नीम के पेड़ के नीचे बैठा दिखाई दिया। गर्मी का मौसम था भीषण गर्मी पड़ रही थी किन्तु उसकी परवाह किये बिना वह सदा समाधि में लीन रहता था। उस बालक को इतनी कम आयु में इस प्रकार कठिन तपस्या करते देखकर लोगों को बहुत आश्चर्य हुआ। दिन के समय वे किसी से मुलाकात नहीं करते थे, रात्रि में निर्भय होकर एकांत में भ्रमण किया करते थे। जिज्ञासावश लोग उससे अक्सर पूछा करते थे कि वह कौन हैं और कहाँ से आगमन हुआ है ? उस नवयुवक का व्यक्तित्व लोगों को सहज ही अपनी और आकर्षित कर लेता था। वह सदा नीम के पेड़ के नीचे बैठा रहता था और कंभी किसी के घर नहीं जाता था। यद्यपि वह कम आयु का युवक था किन्तु उनका आचरण महात्माओं जैसा था। वे त्याग और बलिदान के साक्षात मूर्ति थे। "
